जमशेदपुर: जमशेदपुर में एमजीएम थाना अंतर्गत एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल से लैपटॉप चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी के आरोपी पवन कुमार ( 30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है. उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया डेल कंपनी का लैपटॉप उसके घर की आलमारी से बरामद कर लिया गया.इस मामले में एमजीएम थाना में कांड संख्या 48/2026, दिनांक 07 अप्रैल 2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. शिकायतकर्ता के अनुसार एमजीएम बॉयज हॉस्टल के कमरा संख्या 403 से अज्ञात बदमाशों ने लैपटॉप चोरी कर लिया था. (नीचे भी पढ़े)
इलाके के डीएसपी दयानंद कुमार ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के निर्देश पर एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर मामले की जांच की.जांच के दौरान पुलिस को आरोपी पवन कुमार के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले. इसके बाद उसे 11 अगस्त 2026 को उसके आवास से रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के समक्ष अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह पूर्व में ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी बॉयज के रूप में काम करता था.पुलिस के अनुसार, 28 मार्च 2026 की रात ब्लिंकिट कंपनी का सामान डिलीवरी करने के लिए पवन कुमार एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल गया था. ऑर्डर डिलीवरी कर वापस लौटने के दौरान उसने एक कमरे का दरवाजा खुला देखा. कमरे के नीचे लैपटॉप रखा हुआ था. आरोपी ने मौका देखकर लैपटॉप उठाया और अपने बैग में रखकर वहां से चलते बना. बाद में चोरी किए गए लैपटॉप को उसने घर की आलमारी में छिपाकर रख दिया था.




