जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के आदर्श आरक्षी मध्य विद्यालय के समीप मेन रोड पर शुक्रवार को स्कूली बच्चों से भरी एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में ऑटो में सवार दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल बच्चों को ऑटो से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा. (नीचे भी पढ़ें)
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. इधर, स्थानीय लोगों ने ऑटो चालक पर गांजा का सेवन कर वाहन चलाने का आरोप लगाया है. लोगों का दावा है कि ऑटो से गांजा पीने में इस्तेमाल होने वाली दो चिलम भी बरामद हुई हैं. हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
इसकी पुष्टि पुलिस की जांच और आवश्यक जांच के बाद ही हो सकेगी. सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है.




