जमशेदपुर: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के जाहेरटोला स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर करीब 70 हजार रुपये नकद समेत लाखों रुपये की शराब चोरी कर ली. चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर को भी अपने साथ ले गए, जिससे पुलिस के लिए जांच चुनौतीपूर्ण हो गई है.घटना 15 अगस्त की रात की बताई जा रही है. दुकान के मैनेजर अरविंद सिंह के अनुसार, 14 अगस्त की रात करीब 11 बजे रोज की तरह दुकान बंद कर सभी कर्मचारी चले गए थे.16 अगस्त की सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे की ओर लगा टीन कटा हुआ मिला.अंदर जाने पर कैश काउंटर टूटा था और उसमें रखे 70 हजार रुपये गायब थे.(नीचे भी पढे)

इसके अलावा दुकान से शराब की कई पेटियां भी चोरी हुई हैं. मैनेजर ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कुल कितनी कीमत की शराब चोरी हुई है. स्टॉक का मिलान किया जा रहा है, जिसके बाद चोरी की वास्तविक कीमत सामने आएगी.घटना की सूचना मिलने पर सिदगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस के अनुसार, चोर दुकान में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी चोरी कर ले गए हैं. पुलिस आसपास के इलाके में छानबीन करने के साथ चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.




