जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो से सटे कपाली के कामारगोड़ा इलाके में स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. लोगों का गुस्सा सोमवार शाम उस वक्त भड़क उठा जब शराब दुकान संचालक द्वारा पाले गए कुत्तों ने तीन बच्चों पर हमला कर दिया, जिससे तीनों बच्चे घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों में शराब दुकान को लेकर नाराजगी और बढ़ गई. मंगलवार को वार्ड पार्षद, कपाली के अध्यक्ष और कपाली ओपी प्रभारी मौके पर पहुंचे. इस दौरान स्थानीय लोगों ने शराब दुकान को लेकर अपनी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब दुकान के कारण इलाके का माहौल खराब हो रहा है। दुकान के आसपास लोग बैठ कर शराब का सेवन करते हैं, जिससे आए दिन स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. लोगों ने प्रशासन से शराब दुकान को जल्द से जल्द बंद कराने की मांग की. वहीं कुत्तों के हमले की घटना को लेकर भी स्थानीय लोगों ने कार्रवाई की मांग की है.




