जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग स्थित गोल्डेन ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर करीब 1.5 किलो चांदी के आभूषण, दो वजन करने वाली मशीन, मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं. घटना 19 अगस्त की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की है. अज्ञात अपराधियों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर चांदी के गहने और वजन करने वाली मशीन चोरी कर ली थी. इस संबंध में बागबेड़ा थाना में मामला दर्ज किया गया था. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और डीएसपी विधि व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया. टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी शाखा की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. (नीचे भी पढ़ें)

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गाड़ाबासा निवासी गोपीनाथ मुंडा उर्फ बुलेट (38) और कोवाली के गोप उर्फ सुगली के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 36 चांदी के लॉकेट, 134 अंगूठियां, छह मंगलसूत्र, 11 पान पत्ता, नौ पायल, 15 मोती की माला, तीन चांदी की चेन, 13 राखी, दो चांदी के सिक्के, एक बाजूबंद, चार जोड़ी कान के टॉप्स, चांदी के अन्य सामान, लक्ष्मी-गणेश की छह मूर्तियां, शंखा-पोला, कड़े और अन्य टूटे चांदी के सामान समेत करीब 1.5 किलो चांदी बरामद की है. इसके अलावा पुलिस ने दो वजन मशीन, वीवो कंपनी का मोबाइल, एक बड़ा बोल्ट कटर और लोहे का सब्बल भी बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, बोल्ट कटर और सब्बल का इस्तेमाल दुकान का ताला तोड़ने में किया गया था. गौरतलब है कि इस आभूषण दुकान के बाहर पुलिस द्वारा विशेष क्यूआर कोर्ड चस्पा किया गया था, उसके बावजूद चोरों ने उस दुकान को निशाना बनाया था. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.




