बहरागोड़ा: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मानुषमुड़िया के प्रधानाध्यापक सह प्रसिद्ध समाजसेवी सुजल भोल का शुक्रवार को निधन हो गया. उनका सीएमसी वेल्लोर में इलाज चल रहा था. निधान का खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों में सदैव अग्रणी रहने वाले स्व. भोल 24 प्रहर संकीर्तन समिति के सचिव, गंधबनिक समाज के अध्यक्ष और दुर्गा पूजा समिति के सचिव जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों को पूरी निष्ठा से संभाल रहे थे. (नीचे भी पढ़े)
अपने सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव से विद्यार्थियों में संस्कार सिंचित करने वाले और समाज को एकजुट रखने वाले इस समर्पित व्यक्तित्व के जाने से शिक्षा व सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है. उनके आकस्मिक निधन पर जमशेदपुर सांसद प्रतिनिधि गौरव पुष्टि ने गहरा दुख व्यक्त किया है.उन्होंने कहा कि समाज ने एक कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक व समर्पित समाजसेवी खो दिया है, जिसकी भरपाई असंभव है. उन्होंने ईश्वर से दिवगंत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह असह्य दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.




