जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको सिग्नल के पास हुए भीषण सड़क हादसे में मृतक पिता-पुत्र की पहचान हो गई है. मृतकों की पहचान दीपा राम और उनके 13 वर्षीय बेटे यश के रूप में हुई है. दोनों मानगो नेशनल हाईवे-33 स्थित चन्द्रवती नगर के गोपाल नगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं.जानकारी के मुताबिक, यश मानगो के ब्लू बेल्स स्कूल में कक्षा 7 में पढ़ता था और वह घर का मंझला बेटा था. वहीं दीपा राम की डिमना चौक के पास मार्बल की दुकान है. बताया जा रहा है कि मार्बल के काम के सिलसिले में दीपा राम अपने बेटे यश के साथ बारीडीह गए थे. वहां से वापस लौटने के दौरान दोनों हादसे का शिकार हो गए.(नीचे भी पढ़े)

इसी दौरान लिट्टी चौक से एग्रिको सिग्नल की ओर जा रही एक बड़ी गाड़ी की चपेट में उनकी लाल रंग की डियो स्कूटी आ गई. हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही पिता और बेटे दोनों की मौत हो गई.घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों के शव को एमजीएम अस्पताल भेजा गया. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों भी अस्पताल पहुंचे.परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.




