जमशेदपुर : जमशेदपुर के छह रोटरी क्लबों, रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट, जमशेदपुर, स्टील सिटी, डालमा, फेमिना और नेक्स्ट जेन ने रविवार को करीम सिटी कॉलेज, साकची में संयुक्त रूप से प्रोजेक्ट गिफ्ट ऑफ लाइफ (होल इन द हार्ट) एवं प्रोजेक्ट मुस्कान (कटे हुए होंठ/तालु) के अंतर्गत एक मेगा स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया. इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. विनिता सिंह, जनरल मैनेजर, मेडिकल सर्विसेज, टाटा स्टील ने किया. डॉ सिंह ने रोटरी की इस पहल की सराहना की और जन्मजात हृदय दोषों तथा कटे होंठ एवं तालु जैसी विकृतियों की शीघ्र जांच के महत्व पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि समय पर उपचार मिलने से बच्चों को पूरी तरह सामान्य जीवन जीने का अवसर मिल सकता है.(नीचे भी पढ़े)

विशिष्ट अतिथि डॉ. मोहम्मद रियाज अहमद, प्राचार्य, करीम सिटी कॉलेज ने समारोह की गरिमा बढ़ाई और ऐसे मानवीय प्रकल्पों के लिए रोटरी को अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया. उन्होंने इस नेक कार्य के लिए कॉलेज का परिसर निःशुल्क उपलब्ध कराया. कैंप में लगभग 150 लोगों ने भाग लिया, जो इस अभियान की सफलता और जन-जागरूकता को दर्शाता है. शिविर में दिल में छेद के 10 पक्के मामले चिन्हित किए गए, जो सर्जरी के लिए पूरी तरह तैयार हैं. इन बच्चों को रोटरी द्वारा निःशुल्क ऑपरेशन के लिए कोयंबटूर, नागपुर, मुंबई और हैदराबाद के सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में भेजा जाएगा.आने-जाने, रहने और ऑपरेशन का पूरा खर्च रोटरी उठाएगा. साथ ही साथ कटे होंठ एवं तालु के 7 मामले चिन्हित किए गए. इनका सुधारात्मक ऑपरेशन कोलकाता के एसवीएस मारवाड़ी हॉस्पिटल में निःशुल्क किया जाएगा..(नीचे भी पढ़े)
सबसे भावुक क्षण तब रहा जब 2 ऐसे बच्चे भी कैंप में आए, जिनकी 2 साल पहले इसी कैंप के माध्यम से दिल की सर्जरी हुई थी.आज वे दोनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ दिल के साथ सामान्य और खुशहाल जीवन जी रहे हैं. यह रोटरी के इस मिशन की सार्थकता का जीता-जागता प्रमाण है.उद्घाटन समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान के साथ हुई. एमओसी डॉ. रीता झा ने कार्यक्रम का संचालन किया. स्वागत भाषण अध्यक्ष रोटेरियन गुरप्रीत भाटिया ने दिया. मुख्य अतिथि का परिचय रोटरी स्टील सिटी की अध्यक्ष रोटेरियन उमंग झुनझुनवाला ने कराया. अतिथियों को स्मृति चिह्न जोनल हेड रोटेरियन सीमा कुमार एवं प्रोजेक्ट चेयरपर्सन रोटेरियन दीप्ति सिंह द्वारा प्रदान किए गए.(नीचे भी पढ़े)
कोल्हान क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से आए बच्चों की जांच रोटरी एवं टाटा मोटर्स अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों, आरोग्यम के चिकित्सा कर्मचारियों तथा सत्य साईं अस्पताल के स्वयंसेवकों द्वारा की गयी. कैंप का सफल समन्वय असिस्टेंट गवर्नर्स रोटेरियन नीता अग्रवाल, प्रमोद दुबे, शिवानी गोयल; जोनल हेड्स सीमा कुमार, मधुमिता संतरा, प्रोजेक्ट चेयर्स अभिजीत मित्रा, दीप्ति सिंह, जितेश कुमार (आरोग्यम), इवेंट चेयर अनुपमा सहगल, डॉ. उधम सिंह, करीम सिटी कॉलेज रोटरैक्ट क्लब के मॉडरेटर तथा डीआरआरई अमित कुमार द्वारा किया गया.रचनात्मक पोस्टर/रील्स के लिए रोटेरियन अंजनी निधि, लॉजिस्टिक्स के लिए डॉ उधम सिंह और मिनरल वाटर के लिए डीप एंड सन्स का विशेष आभार.अंत में धन्यवाद ज्ञापन पीपी रोटेरियन नीता अग्रवाल, असिस्टेंट गवर्नर एवं समन्वयक, गिफ्ट ऑफ लाइफ व मुस्कान द्वारा दिया गया.




