सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. आरआइटी थाना परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बरामद किए गए गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सौंपे. अपने खोए हुए मोबाइल महीनों बाद वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे. कार्यक्रम में सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार तथा आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर मुख्य रूप से उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)
साइबर अपराध पर लगेगी लगाम : एसपी
इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि सितंबर माह में जिला पुलिस की तकनीकी शाखा और विभिन्न थानों के समन्वय से कुल 103 मोबाइल फोन ट्रैक कर बरामद किए गए हैं. उन्होंने बताया कि बीते दो महीनों में भी मोबाइल बरामद कर वितरण किया गया था, लेकिन इस बार रिकॉर्ड संख्या में फोन बरामद किए गए हैं और आगे भी यह अभियान पूरी तत्परता से जारी रहेगा. एसपी ने स्पष्ट किया कि वर्तमान समय में चोरी या गुम हुए मोबाइलों का इस्तेमाल साइबर ठगी व अन्य संगठित अपराधों में होने का गंभीर खतरा बना रहता है. ऐसे में जितनी जल्दी मोबाइल फोन बरामद कर लिए जाते हैं, उतनी ही तेजी से साइबर अपराध और अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है. (नीचे भी पढ़ें)
सीईआइआर पोर्टल पर दर्ज कराएं शिकायत
कार्यक्रम के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि उनका मोबाइल कहीं खो या चोरी हो जाता है, तो वे तुरंत भारत सरकार के सीईआइआर पोर्टल (www.ceir.gov.in) अथवा संचार साथी ऐप पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि त्वरित तकनीकी कार्रवाई कर फोन को ब्लॉक और ट्रैक किया जा सके.




