जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के बिंदल मॉल स्थित एक रेस्टोरेंट में 26 सितंबर को हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने फरार तीन आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये के नगद इनाम की घोषणा की है. पुलिस ने तीनों आरोपियों की तस्वीर जारी करते हुए आम लोगों से उनकी जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की है. पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को दोपहर करीब 1:30 बजे बिंदल मॉल के एक रेस्टोरेंट में तीन युवकों ने जान मारने की नीयत से गोलीबारी की थी. घटना में कुल चार लोग घायल हुए थे. मामले को लेकर सोनारी थाना में कांड संख्या 80/26, दिनांक 26.09.2026 के तहत बीएनएस की धारा 109/111(2)(बी)/3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने मामले में अजित मंडल, पिता स्व. हरीश मंडल, निवासी ह्यूम पाइप, छायानगर, थाना सीतारामडेरा, मोहन यादव, पिता स्व. राजाराम यादव, निवासी आदर्श नगर, ग्वाला बस्ती, थाना सोनारी और एक अज्ञात युवक को आरोपी बनाया है. (नीचे देखे पूरी खबर)

पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहे हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें प्रयास कर रही हैं. मामले के उदभेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी को महत्वपूर्ण बताते हुए तीनों पर एक-एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार घोषित किया गया है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को फरार आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना पुलिस को दें. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी. सूचना देने के लिए संपर्क नंबर जारी किया गया है. वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय 9431706480, पुलिस अधीक्षक (नगर) 9471190203, पुलिस उपाधीक्षक (मु.-02) 9431706487, सोनारी थाना प्रभारी 9431706507.




