आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में 25 सितंबर की रात हुई गोलीबारी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है. सोमवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश चंद्र नायक उर्फ कालिया और 19 वर्षीय डब्लू महतो उर्फ पद्मलोचन मोहंता के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर की रात करीब 10 बजे मुस्लिम बस्ती में केलटू खान के घर के पास शेख अजहरुद्दीन, कादिम खान, प्रकाश चंद्र नायक उर्फ कालिया समेत अन्य लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी दौरान अब्दुल जाफर पर गोली चला दी गई. गोली उसके सिर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया. उसे इलाज के लिए जमशेदपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद आदित्यपुर थाना में कांड दर्ज की गई. पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की. टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की. इसी क्रम में पुलिस ने डब्लू महतो उर्फ पद्मलोचन मोहंता को ओडिशा से गिरफ्तार किया. इसके बाद प्रकाश चंद्र नायक उर्फ कालिया को भी गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस की प्रारंभिक जांच में गोलीबारी के पीछे कथित अवैध धंधे से जुड़े पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद की बात सामने आई है. पुलिस मामले की जांच जारी रखते हुए घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और फरार आरोपी की तलाश कर रही है.




