जादूगोड़ा : आगामी दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों एवं यूसिल प्रबंधन नरवापहाड़ इकाई के अधिकारियों के साथ एक बैठक नरवापहाड़ स्थित सम्मलेन कक्ष में समिति के वरीय उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई.इस बैठक में कम्पनी के पदाधिकारियों के साथ-साथ नरवापहाड़ दुर्गा लक्ष्मी काली पूजा कमिटी के पदाधिकारी भी उपस्थित थे.बैठक में साथ सूत्री बिन्दुओं पर चर्चा करते हुए सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति के महासचिव ललन यादव ने पूजा समारोह के आयोजन के बाद विसर्जन के दौरान पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था करने पर विशेष जोर देते हुए कम्पनी प्रबंधन एवं पूजा कमिटी के पदाधिकारियों से आग्रह किया. विसर्जन के दौरान घाट पर यूसिल सुरक्षा के जवानो के साथ -साथ गृहरक्षकों को भी तैनात किया जाये.साथ ही उन्होंने कहा की जिला प्रशासन के साथ होने वाली अगली बैठक में जिले के संवेदनशील घाटों पर कम से कम दो गोताखोरों की तैनाती की मांग रखी जायगी. वरीय उपाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा की दुर्गा पूजा में इस बार सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति का मुख्य फोकस अनुज्ञप्ति निर्गत करवाने,छोटी और नयी दुर्गा पूजा कमिटियों को कार्पोरेट संस्थानों से भोग निर्माण के लिए सुखा राशन उपलब्ध करवाने पर है.इसके लिए गंभीरता विचार किया जा रहा है. इस वर्ष इस कार्य को धरातल पर उतारा जाएगा. (नीचे भी पढ़े)
इसके अलावा नरवापहाड़ गुर्रा नदी विसर्जन घाट के अलावा इस बार वरीय पुलिस अधीक्षक के साथ होने वाली आगामी बैठक में नरवा पुल पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग भी की जायगी. वर्तामन में सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति की पूरी टीम जिले के कोने -कोने में लगातार दौरे पर है और पूजा कमिटियों की समस्याओं की सूची तैयार कर रही है.संयुक्त सचिव डॉ श्याम शर्मा ने कहा की इस बार मौसम की स्थिति को देखते हुए पूजा समितियों को तैयारी करनी है. ताकि परिस्थिति के साथ संतुलन बना कर दुर्गा पूजा समरोह का आयोजन संपन्न करवाया जा सके. इसके लिए पूजा कमिटियों को अपने स्तर से भी तैयारियां करनी पड़ेगी.यूसिल के खान महाप्रबंधक सह पूजा कमिटी के महासचिव मनोज कुमार सिंह ने सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति की टीम को आश्वस्त किया की हर बार की तरह इस बार भी बेहतर प्रबंधन के साथ दुर्गा पूजा समारोह आयोजित किया जायगा.इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू कर दी गयी है. साथ ही कमिटी के साथ-साथ कम्पनी के सुरक्षा विभाग को भी विसर्जन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है. बैठक के अंत में यूसिल के उपाधीक्षक डीएन सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया.इस बैठक में पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति के सचिव बिरेन्द्र कुमार सिंह,अभय कुमार सिंह, हर्ष यादव, नंदकिशोर यादव ,पूजा कमिटी से पीसी दास ,एमके सिंह ,एसएस झा ,धननंजय सिंह,एसके सिंह,गजिया हांसदा ,एसके गोप ,संदीप कुमार उपस्थित थे.




