जमशेदपुर: अपराध नियंत्रण और जुआ व लॉटरी पर अंकुश लगाने के लिए एमजीएम थाना पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने सिमुलडांगा स्थित एनएच-73 के किनारे एक सुनसान स्थान पर खड़ी अर्टिगा कार में ऑनलाइन जुआ संचालित कर रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल ने बताया कि गश्ती के दौरान पुलिस ने अर्टिगा कार में बैठे तीन युवकों को मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन लिंक से जुआ खेलते और उसका स्कोर कॉपी में दर्ज करते हुए पकड़ा. पूछताछ में आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर आईडी-पासवर्ड के माध्यम से ऑनलाइन जुआ खेलने और उससे अवैध कमाई करने की बात स्वीकार की.(नीचे भी पढ़े)
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास महतो, रोहित गुप्ता उर्फ सेठबाज उर्फ बिट्टू और कृष्णा कर्मकार के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से 1,18,490 रुपये नकद, दो आईफोन समेत चार मोबाइल फोन, एक अर्टिगा कार, सोने-चांदी के आभूषण और जुए का हिसाब-किताब लिखी कॉपी बरामद की है. पुलिस के अनुसार विकास महतो के पास से 97,920 रुपये, कृष्णा कर्मकार के पास से 10,570 रुपये और रोहित गुप्ता के पास से 10,000 रुपये नकद बरामद हुए. इसके अलावा आईफोन-13, आईफोन-17 प्रो मैक्स, अन्य मोबाइल फोन, एक सोने की चेन, सोने की अंगूठी और चांदी का ब्रेसलेट भी जब्त किया गया है..(नीचे भी पढ़े)
जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन से ऑनलाइन जुआ, सट्टा और आईपीएल गेम खेलने एवं खिलाने वाले गिरोह से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की बात पुलिस ने कही है. पुलिस को बैंक और यूपीआई ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट भी मिले हैं, जिनसे ऑनलाइन लेन-देन से संबंधित जानकारी सामने आई है. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके सरगना तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. मामले में आगे की जांच जारी है.




