जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा है कि अगर एक हफ्ते के भीतर मानगो नगर निगम ने मुर्दा मैदान की सफाई नहीं की तो उनके (विधायक के) कार्यकर्ता मैदान साफ कर कूड़ा-कर्कट अन्यत्र डाल देंगे. इसकी जिम्मेदारी मानगो नगर निगम की होगी. बागानशाही मोहल्ला स्थित मुर्दा मैदान की गंदगी देख कर बिफरे सरयू राय ने कहा कि बीते तीन महीने से नगर निगम के लोग मुर्दा मैदान की सफाई नहीं कर रहे हैं. वहां कूड़े का ढेर लगा हुआ है. लोगों ने उन्हें फोन कर कहा कि आप मुर्दा मैदान आइए, यहां की समस्या को देखिए और नगर निगम से कह कर साफ-सफाई करवा दीजिए। इतनी गंदगी में सड़ांध में रहेगा कौन? सरयू राय ने बताया कि उन्होंने मुर्दा मैदान में मुस्लिमों और आदिवासियों और आदिवासी नेता सोनाराम मांझी को बुलाया. मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सरयू राय को बताया कि जब वे लोग साफ-सफाई करवाने की मांग को लेकर नगर निगम जाते थे तो नगर निगम के लोग उनसे कहते थे कि आदिवासियों ने साफ-सफाई के लिए मना किया है इसलिए हम लोग नहीं जाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)

इस पर सोनाराम मांझी ने कहा कि आदिवासी समुदाय को यह भय था कि साफ-सफाई हो जाएगी तो इस मैदान पर भी अतिक्रमण कर लिया जाएगा. इसका यह अर्थ नहीं था कि वहां लगातार कूड़-करकट जमा हो और हम लोग बीमार हो जाएं. सरयू राय ने मानगो नगर निगम को चेतावनी दी कि हफ्ते भर के भीतर मुर्दा मैदान की सफाई करवा दें अन्यथा स्थानीय लोग और उनके (विधायक) समर्थक खुद हाइवा लगा कर सफाई करवा देंगे और मलबा नगर निगम के सामने या अन्यत्र डाल देंगे. इसकी जिम्मेदारी नगर निगम की होगी.







