
जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका कमलपुर थाना क्षेत्र के बनकुचिया पंचायत के हुटुपाथर गांव में पिछले कई माह से कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित रायसन स्टोन क्रशर के मालिक पवन कुमार राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. माइनिंग इंस्पेक्टर अभिजीत मजूमदार के लिखित बयान पर गुरुवार को कमलपुर थाना में यह कार्रवाई की गई. बताया गया कि बुधवार को माइनिंग इंस्पेक्टर और प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने रायसन स्टोन क्रशर में छापेमारी की थी. जांच के दौरान क्रशर मशीन के संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज अधिकारियों को नहीं मिले. (नीचे देखें पूरी खबर)

इसके अलावा क्रशर के लिए मंगाए गए भारी मात्रा में बोल्डर से संबंधित कागजात भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके. दस्तावेज नहीं मिलने और जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर अधिकारियों ने क्रशर को सील कर दिया. प्रदूषण विभाग की जांच में भी कई कमियां मिलने की बात सामने आई है. इसके बाद संबंधित विभाग की कार्रवाई के आधार पर क्रशर को बंद कर सील किया गया. कमलपुर थाना प्रभारी धनंजय पासवान ने बताया कि माइनिंग इंस्पेक्टर के लिखित बयान के आधार पर क्रशर मालिक पवन कुमार राय के खिलाफ अवैध तरीके से क्रशर संचालित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है. मामले की जांच की जा रही है.




