जमशेदपुर: जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के गांधी घाट के समीप गुरुवार देर रात एक 18 चक्का ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. अचानक हुए हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना की जानकारी मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने की कार्रवाई शुरू कराई. मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेलर टाटा रायसन कंपनी से माल लोड कर हरियाणा के लिए रवाना हुआ था. इसी दौरान लिट्टी चौक के समीप बाइक सवार दो युवकों ने कथित तौर पर ट्रेलर को रोकने का प्रयास किया. वाहन मालिक का दावा है कि चालक ने किसी अनहोनी की आशंका से ट्रेलर नहीं रोका और आगे बढ़ गया. (नीचे भी पढ़ें)
इसके कुछ देर बाद गांधी घाट के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ट्रेलर सड़क पर पलट गया. ट्रेलर को रोकने का प्रयास करने वाले बाइक सवार युवक कौन थे और वे किस उद्देश्य से वाहन को रोकना चाहते थे, इसका अब तक पता नहीं चल सका है. वाहन मालिक के दावे की भी पुलिस जांच कर रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रेलर पलटने की वजह तेज रफ्तार, अचानक वाहन मोड़ना या कोई अन्य कारण था. हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और ट्रेलर को सुरक्षित तरीके से हटाने की कार्रवाई शुरू की. 18 चक्का ट्रेलर के पलटने के बावजूद किसी के हताहत नहीं होने से बड़ी अनहोनी टल गई. फिलहाल पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के साथ बाइक सवार युवकों की भूमिका की भी जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ट्रेलर किन परिस्थितियों में पलटा और वाहन मालिक के दावे में कितनी सच्चाई है.




