जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की परिकल्पना को मूर्त रूप देते हुए विचार क्रांति सम्मेलन के उद्देश्यों को अब व्यापक जनअभियान में बदलने की तैयारी शुरू हो गई है. शुक्रवार को बारीडीह स्थित विधायक कार्यालय में ड्रग्स और सट्टेबाजी के खिलाफ निर्णायक सामाजिक पहल करने के लिए आयोजित समीक्षा बैठक में एक गैर-राजनीतिक संगठन के गठन, गोपनीय हेल्पलाइन शुरू करने और युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया. बैठक में साफ किया गया कि इन सामाजिक बुराइयों के खिलाफ समाज को संगठित कर प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा. गत 2 अक्टूबर को सम्पन्न विचार क्रांति सम्मेलन की समीक्षा के दौरान यह तय किया गया कि अभियान को व्यवस्थित रूप देने के लिए पूर्व आईएएस (एलाइड) मनोज सिंह प्रस्तावित संगठन के संयोजक होंगे. उनके नेतृत्व में 11 सदस्यीय टीम गठित की जाएगी. इसमें अधिवक्ता, काउंसलर, पूर्व सैनिक, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी और समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े जागरूक नागरिकों को शामिल किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में तय हुआ कि अभियान के तहत ड्रग्स और सट्टेबाजी से संबंधित सूचनाएं जुटाने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा. हेल्पलाइन के माध्यम से मिलने वाली सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखने का निर्णय लिया गया है. संकलित जानकारी के आधार पर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी. बैठक में उपस्थित लोगों ने विचार क्रांति सम्मेलन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया. वक्ताओं ने कहा कि ड्रग्स और सट्टेबाजी जैसी समस्याओं से निपटने के लिए सामाजिक जागरूकता, जनसहयोग और प्रशासनिक समन्वय जरूरी है. बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि इस पहल का उद्देश्य ड्रग्स और सट्टेबाजी से जुड़ी समस्याओं को सामाजिक स्तर पर उठाने के साथ प्रशासन तक तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाना और इनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए समन्वय स्थापित करना है. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में यह तय हुआ कि युवाओं को ड्रग्स और सट्टेबाजी के दुष्परिणामों से बचाने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसके तहत शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक, पंपलेट वितरण, जनसंवाद और अन्य कार्यक्रमों के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा. सरयू राय की परिकल्पना को आगे बढ़ाते हुए प्रस्तावित संगठन के गठन और जनजागरूकता कार्यक्रमों के जरिए इस अभियान को व्यापक स्तर पर ले जाने की तैयारी है. बैठक में सुबोध श्रीवास्तव, अजय कुमार, नीरज सिंह, विवेक पाण्डेय, सतीश सिंह, अमित शर्मा, अमृता मिश्रा, रीना डे, पूजा महानंद, मंजू सिंह, जीतू सिंह, अरविंद चौधरी, राघवेंद्र सिंह, गोल्डन पाण्डेय, विकास रजक, प्रवीण सिंह, विकास साहनी, शेषनाथ पाठक, चुन्नू भूमिज, शमशाद खान आदि मौजूद रहे.




