जमशेदपुर : टाटा स्टील की शत प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी टाटा स्टील यूआइएसएल ने विशाखापत्तनम में 8 एवं 9 अक्टूबर को आयोजित 26वें चैप्टर कन्वेंशन ऑन क्वालिटी कॉन्सेप्ट्स (सीसीक्यूसी 2026) में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल्ड अवॉर्ड हासिल किए। कंपनी की तीनों क्वालिटी सर्किल टीमों – रोशन, क्रांति और रंकिणी – ने अलग-अलग श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीतकर संस्थान का गौरव बढ़ाया. इस वर्ष कन्वेंशन की थीम “लीडिंग विद क्वालिटी फॉर सस्टेनेबल ग्रोथ एंड सेल्स रिलायंस” थी. आयोजन वाइजैग स्टील प्लांट टाउनशिप स्थित ऊक्कु क्लब में हुआ, जिसमें विभिन्न कंपनियों की लगभग 140 प्रविष्टियों ने भाग लिया. टाउन ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस विभाग की टीम ‘रोशन’ ने सेफ्टी श्रेणी में गोल्ड अवॉर्ड जीता.(नीचे भी पढ़े)

टीम ने हैंड ग्राइंडिंग मशीन में टिपर स्विच लगाने का अभिनव समाधान प्रस्तुत किया, जिससे व्हील गार्ड हटने पर मशीन का संचालन रुक जाता है. इस पहल से दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने और इंजीनियरिंग नियंत्रण मजबूत करने में मदद मिली. वाटर एंड वेस्टवॉटर विभाग की टीम ‘क्रांति’ ने यूटिलिटी श्रेणी में स्वर्ण पदक हासिल किया। टीम को फिल्टर हाउस के वॉश वॉटर टैंक में पानी की बर्बादी रोकने के उद्देश्य से तैयार परियोजना “टू अचीव जीरो वाटर लॉस फॉर वाश वाटर टैंक इन फिल्टर हाउस” के लिए सम्मानित किया गया। यह पहल जल संरक्षण और संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन को बढ़ावा देती है. वहीं, यूटिलिटीज बिलिंग विभाग की टीम ‘रंकिणी’ ने प्रोडक्टिविटी श्रेणी में लगातार दूसरे वर्ष गोल्ड अवॉर्ड जीतकर अपनी उपलब्धि दोहराई. टीम ने वार्षिक जल बिल संग्रह में सुधार पर केस स्टडी प्रस्तुत की, जिसे निर्णायक मंडली और प्रतिभागियों ने सराहा. तीनों टीमों की सफलता कर्मचारियों के समर्पण, टीमवर्क, नवाचार और निरंतर सुधार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है. यह उपलब्धि गुणवत्ता, सुरक्षा, जल संरक्षण और उत्पादकता के क्षेत्र में टाटा स्टील यूआइएसएल के उत्कृष्टता प्रयासों को रेखांकित करती है.




