जमशेदपुर : जमशेदपुर के युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में गैंगस्टर कन्हैया सिंह की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच एक बार फिर तेज होने की संभावना है. फिलहाल चांडिल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्याकांड से उसका क्या संबंध है और क्या उसे साजिश या अन्य आरोपियों के बारे में कोई महत्वपूर्ण जानकारी है. निखार इस इलाके में एनएच-33 के किनारे होटल परियोजना शुरू करने की तैयारी में थे. शुरुआती जांच के दौरान जमीन विवाद को हत्याकांड का प्रमुख कारण बताया गया था. इसके अलावा कारोबारी रंजिश और आपराधिक गिरोहों से संभावित संबंधों समेत कई बिंदुओं पर जांच की गई थी. हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त विशेष जांच टीम (एसआइटी) गठित की गई थी.(नीचे भी पढ़े)
जांच के सिलसिले में झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश समेत कई स्थानों पर छापेमारी की गई थी. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया था. पुलिस की पूर्व की कार्रवाई में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी. वहीं, हत्या में इस्तेमाल किए जाने के संदेह वाले वाहन और हथियारों की बरामदगी की भी जानकारी सामने आई थी. बाद में अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह की गिरफ्तारी की खबर भी आई थी. अब कन्हैया सिंह से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर सकती है. हालांकि, उसकी कथित भूमिका को लेकर पुलिस का आधिकारिक बयान सामने आने तक उसे हत्याकांड का साजिशकर्ता या मुख्य आरोपी बताना उचित नहीं होगा. पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों से ही मामले में उसकी भूमिका स्पष्ट हो सकेगी. गौरतलब है कि कंहैया सिंह वर्तमान में दुमका जेल में बंद अखिलेश सिंह का सहयोगी है.




