रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, यातायात सुचारू रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर मंगलवार शाम नगर परिषद कार्यालय के सभागार में केंद्रीय दुर्गापूजा समिति की एक अहम बैठक हुई. समिति के अध्यक्ष, विधायक सुखराम उरांव की अध्यक्षता में हुई बैठक में उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेणु, एसडीओ श्रुति राजलक्ष्मी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की. (नीचे भी पढ़ें)

श्री उरांव ने शांतिपूर्ण माहौल में दुर्गापूजा संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न नहीं होनी चाहिए. इसके लिए सभी को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी. वर्ष 2024 में सामने आई समस्याओं से सीख लेते हुए इस बार बेहतर व्यवस्था करने का प्रयास किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासन का पूरा सहयोग पूजा समितियों के साथ है, लेकिन समितियों को भी अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहना होगा. पूजा हमारी है, इसलिए इसे शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की जिम्मेदारी भी हम सभी की है. उन्होंने टोकलो रोड पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की आवश्यकता बताई. शीतला मंदिर में भव्य पंडाल और गोल्डन जुबिली आयोजन के कारण श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए जाम से निपटने और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि दुर्गापूजा चक्रधरपुर की ऐतिहासिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है. उन्होंने सभी पूजा समितियों से बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की. भीड़ नियंत्रण के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते रखने तथा विसर्जन मार्गों पर बिजली के तारों की जांच कराने का भी निर्देश दिया. उपायुक्त ने सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के किसी भी सूचना को साझा नहीं करने की अपील की, ताकि अफवाहों से बचा जा सके और शांति व्यवस्था बनी रहे. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने कहा कि सभी पूजा पंडालों में पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी. विसर्जन मार्गों का पहले से सत्यापन कर लटकते बिजली के तारों और अन्य बाधाओं को दूर किया जाएगा. पूजा समितियों को सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था रखने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने का निर्देश दिया गया. विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बाइक से भी गश्त करेगी. (नीचे भी पढ़ें)
बलिया घाट की समस्या पर भी हुई चर्चा
अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष अशोक षाड़ंगी ने बलिया घाट की समस्या दूर करने के लिए विधायक और उपायुक्त के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि बलिया घाट पर तीन पूजा पंडालों की प्रतिमाओं का विसर्जन होता है. ऐसे में विसर्जन मार्ग का निरीक्षण कर वहां मौजूद समस्याओं का समय रहते समाधान करना जरूरी है. बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, उपाध्यक्ष विजय साव, एसडीपीओ डॉक्टर सैयद मुस्तफा हाशमी, बीडीओ कंचन मुखर्जी, सीओ सुरेश कुमार सिन्हा, कार्यपालक पदाधिकारी विजय कुमार हांसदा, थाना प्रभारी अवधेश कुमार, डॉक्टर शिवपूजन सिंह, समिति के सचिव संजय पासवान, शेष नारायण लाल,अप्पू दिलीप महतो विनोद साहू राम प्रताप बर्मन सहित विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.






