जमशेदपुर : टुइलाडुंगरी सार्वजनिक दुर्गापूजा कमिटी द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव के भव्य पूजा पंडाल का आज घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन एवं बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया. इस अवसर पर कमिटी के मुख्य संरक्षक राजू गिरि, अध्यक्ष मिथिलेश सिंह यादव, महासचिव दिनेश कुमार व कमिटी के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे. वर्ष 1934 से निरंतर आयोजित हो रही इस दुर्गापूजा की ऐतिहासिक परंपरा और धार्मिक आस्था के बीच इस वर्ष पंडाल को विशेष रूप दिया गया है. पश्चिम बंगाल से आए कारीगरों ने प्लास्टिक की बोतल, प्लेट, कटोरी, चम्मच, ग्लास आदि विभिन्न उपयोगी वस्तुओं का रचनात्मक इस्तेमाल कर आकर्षक पंडाल तैयार किया है. इस वर्ष पूजा का मुख्य आकर्षण मां दुर्गा की लगभग 20 फीट ऊंची राजराजेश्वरी स्वरूप की प्रतिमा है, जिसका निर्माण ओडिशा के कुशल कारीगरों ने किया है. इसके अलावा चांदीपुर की आकर्षक विद्युत सज्जा और पूजा परिसर में आयोजित मेला श्रद्धालुओं एवं बच्चों के आकर्षण का केंद्र है. (नीचे भी पढ़ें)

उद्घाटन समारोह में घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन ने टुइलाडुंगरी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं क्षेत्रवासियों को दुर्गापूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की. बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती ने भी कमिटी के सभी सदस्यों एवं शहरवासियों को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि वर्ष 1934 से हो रही इस पूजा की परंपरा क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोगों की अटूट आस्था का प्रतीक है. कमिटी के मुख्य संरक्षक राजू गिरि ने कहा कि टुइलाडुंगरी सार्वजनिक दुर्गापूजा कमिटी की पूजा वर्ष 1934 से श्रद्धा और परंपरा के साथ आयोजित होती आ रही है. इतने वर्षों से इस आयोजन को निरंतर आगे बढ़ाने में स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और कमिटी के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उन्होंने कहा कि इस वर्ष पंडाल की विशेष सजावट और मां की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण है. उन्होंने सभी शहरवासियों से सपरिवार पंडाल में आकर मां दुर्गा के दर्शन करने की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)

कमिटी के महासचिव दिनेश कुमार ने कहा कि टुइलाडुंगरी सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी की पहचान वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा और आकर्षक पंडालों के लिए रही है. पूर्व में यहां गोवा के शांता दुर्गा टेम्पल और देवघर के प्रसिद्ध नौलखा मंदिर सहित विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक पंडाल बनाए जा चुके हैं. इस वर्ष प्लास्टिक की वस्तुओं से पंडाल तैयार कर रचनात्मकता और पुनः उपयोग का संदेश देने का प्रयास किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
समारोह के दौरान वर्षों से पूजा-अर्चना एवं धार्मिक सेवा में योगदान करने वाले पंडित प्रदीप्त कुमार दास, पंडित निरंजन रथ और कृष्णा साहू को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया. कमिटी ने उनके लंबे समय से सेवा-समर्पण के प्रति आभार जताया. उदद्घाटन समारोह में मोहन कर्मकार, महावीर मुर्मू, अभिषेक सिंह, सतबीर सिंह, सोनू सिंह, डॉ संजय गिरि, डीबर पुर्ती आदि उपस्थित थे.





