जमशेदपुर : नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार संध्या पुलिस प्रशासन ने विशेष बाइक पेट्रोलिंग अभियान चलाया. इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक ललित मीना एवं धालभूम अनुमंडलाधिकारी ने बाइक दस्ते के सदस्यों के साथ शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर पूजा पंडालों के आसपास की व्यवस्था का जायजा लिया. (नीचे भी पढ़ें)
बाइक पेट्रोलिंग के दौरान कदमा, सिदगोड़ा, बिरसानगर एवं टेल्को थाना क्षेत्रों सहित शहर के विभिन्न इलाकों के पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और यातायात की स्थिति का निरीक्षण किया गया. अधिकारियों ने पंडालों के आसपास भीड़-भाड़, वाहनों की आवाजाही, यातायात नियंत्रण तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया. (नीचे भी पढ़ें)
निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा विधि-व्यवस्था से संबंधित किसी भी चुनौती से निपटने के लिए सतर्क रहने पर जोर दिया. इसके साथ ही, किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए.





