जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध संचालित कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई. उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि खनिज संपदा के अवैध दोहन और नियमों की अनदेखी करने वालों के प्रति किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए. इसके लिए नियमित जांच एवं छापेमारी अभियान चलाते हुए दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें. बैठक में बताया गया कि 26 अक्टूबर से 22 नवंबर तक अवैध खनिकर्म एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 05 हाइवा जब्त किए गए. इस दौरान 136 टन बालू एवं 16 टन पत्थर भी जब्त किए गए. उपायुक्त ने इन कार्रवाइयों को निरंतर जारी रखने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. वहीं इस वित्तीय वर्ष में अबतक अवैध खनिज कारोबारियों के विरूद्ध 17 प्राथमिकी दर्ज कराते हुए 108 वाहन जब्त किया गया तथा 131.79 लाख रू जुर्माना वसूला गया.(नीचे भी पढ़े)
गुड़ाबांदा क्षेत्र में बालू के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने जिला खनन पदाधिकारी को संबंधित क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाने तथा शिकायतों का सत्यापन कर त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया.उपायुक्त ने कहा कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ सक्रिय करें. बालू घाटों, परिवहन मार्गों एवं भंडारण स्थलों पर सतत निगरानी रखें. खनिजों के वैध भंडारण और परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच करें तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी. बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम अंसारी, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, एडीएम (विधि-व्यवस्था), अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला अमिताभ भगत, जिला खनन पदाधिकारी सतीश नायक सहित संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे. सभी अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए.















