जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सोमवार की सुबह ई-पोर्टल का सॉफ्टवेयर खराब होने से मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और टोकन जनरेट नहीं होने के कारण मरीजों को रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पहुंचकर पर्ची बनवानी पड़ी. इसके चलते अस्पताल के पंजीकरण काउंटर पर मरीजों की लंबी कतार लग गई. सोमवार होने के कारण अस्पताल में इलाज कराने के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे थे. अस्पताल के विभिन्न विभागों में कुल 1080 मरीजों ने इलाज कराया. (नीचे देखे पूरी खबर)

सुबह से ही मरीज पर्ची बनवाने के लिए लाइन में खड़े रहे. रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया धीमी होने के कारण मरीजों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा. इस दौरान सबसे अधिक परेशानी बुजुर्ग मरीजों, महिलाओं और छोटे बच्चों को लेकर अस्पताल पहुंचे परिजनों को हुई. कई मरीज सुबह से ही कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे. पहले मरीज अपने मोबाइल फोन से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर लेते थे. रजिस्ट्रेशन के बाद उन्हें एक टोकन नंबर मिलता था. अस्पताल के काउंटर पर टोकन नंबर बताने के बाद आसानी से पर्ची बन जाती थी. लेकिन सोमवार को सॉफ्टवेयर खराब होने के कारण यह सुविधा बाधित रही. ऐसे में मरीजों को काउंटर पर पहुंचकर अपना पूरा बायोडाटा बताना पड़ रहा था. इसके बाद कर्मचारियों द्वारा पर्ची तैयार की जा रही थी. इस प्रक्रिया में अधिक समय लगने के कारण रजिस्ट्रेशन काउंटर पर भीड़ बढ़ गई और मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी.











