जमशेदपुर : चार दिनों तक ठप रहने के बाद सोमवार से कोल्हान के तीनों जिलों में 108 एंबुलेंस सेवा फिर से शुरू हो गई. एंबुलेंस के दोबारा सड़कों पर उतरने से मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली. सेवा बहाल होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने का सिलसिला शुरू हो गया. झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के नेतृत्व में रविवार को रांची में हुई त्रिपक्षीय वार्ता के बाद हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया था. समझौते के बाद संघ ने सोमवार सुबह 8 बजे से कर्मचारियों के काम पर लौटने की घोषणा की थी. इसके तहत कर्मचारी निर्धारित समय पर ड्यूटी पर पहुंचे और एंबुलेंस संचालन शुरू कर दिया. सेवा बहाल होते ही ग्रामीण क्षेत्रों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), सदर अस्पताल और एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों को पहुंचाया जाने लगा. सोमवार दोपहर तक एमजीएम अस्पताल में 10 से अधिक 108 एंबुलेंस के जरिए मरीज पहुंचे. ( नीचे देखें पूरी खबर)

वहीं, सदर अस्पताल में भी विभिन्न प्रखंडों से मरीजों को एंबुलेंस के माध्यम से लाया गया. ग्रामीण इलाकों में भी 108 एंबुलेंस सेवा शुरू होने से लोगों को राहत मिली. गांवों से मरीजों को नजदीकी सीएचसी तक पहुंचाने में एंबुलेंस का इस्तेमाल किया गया. इससे गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली. गौरतलब है कि चार दिनों तक 108 एंबुलेंस सेवा बंद रहने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी. अस्पताल पहुंचने के लिए लोगों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा था, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ गया था. सोमवार से सेवा बहाल होने के बाद मरीजों को निजी वाहन की व्यवस्था करने और किराया चुकाने की परेशानी से राहत मिली.











