सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित टाटा स्टील प्लांट से काम कर लौट रहे दो दोस्त सड़क हादसे का शिकार हो गए, जिसमें एक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान आरआइटी थाना अंतर्गत मिरूडीह निवासी रवि कुमार सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक कमलेश यादव भी मिरूडीह का ही रहने वाला है. जानकारी के अनुसार, दोनों दोस्त प्लांट में काम खत्म करने के बाद स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान सीतारामपुर डैम के पास तेज रफ्तार बाइक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गयी. सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी गयी. इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल लेकर गए. हालांकि, इलाज के दौरान रवि कुमार सिंह की मौत हो गयी, जबकि कमलेश यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
वहीं, मंगलवार को रवि कुमार सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराया गया. घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है. एक दोस्त की मौत और दूसरे की गंभीर हालत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.















