नयी दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में आप के 15 नगर पार्षदों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. इन्होंने इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी नाम से तीसरा मोर्चा बनाने की घोषणा भी कर दी है. मुकेश गोयल इस मोर्चे का नेतृत्व करेंगे. इस्तीफा देने वाले अन्य पार्षदों में हेमचंद गोयल, हिमानी जैन,रुनाक्षी शर्मा, उषा शर्मा, अशोक पांडेय, राखी यादव, साहिब कुमार, राजेश लाडी, मनीषा, सुमन अनिल राणा, देविंदर कुमार और दिनेश भारद्वाज शामिल हैं. पार्षदों ने एक प्रेस बयान जारी कर कही कि ‘हम सभी पार्षद एमसीडी में साल 2022 में आप के टिकट से चुने गए थे. हालांकि, 2022 में चुनाव जीतने के बावजूद पार्टी का शीर्ष नेतृत्व एमसीडी को ठीक से नहीं चला पाया. (नीचे भी पढ़े)
बड़े नेताओं का पार्षदों से आपस में समन्वय न के बराबर रहा, जिसके कारण पार्टी विपक्ष में आ गई है. जनता से किए गए वादे को पूरा न कर पाने के कारण हम पार्षद पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं.दिल्ली में इसी साल 25 अप्रैल को एमसीडी के मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव हुए थे. आप ने चुनाव बहिष्कार किया था. भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें भाजपा उम्मीदवार राजा इकबाल सिंह ने 133 वोटों के साथ मेयर पद पर जीत हासिल की. इसके अलावा भाजपा के पार्षद जय भगवान यादव डिप्टी मेयर चुने गए. कुल 142 वोट डाले गए थे. कांग्रेस को महज 8 वोट मिले थे. चुनाव में भाजपा की जीत पहले ही तय थी क्योंकि उसके पास 117 और कांग्रेस के पास सिर्फ आठ पार्षद थे.














