आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना अंतर्गत एलआईजी 64 निवासी 70 वर्षीय रानेंदु बैनर्जी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला प्रकाश में आया है. गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को टीएमएच लाया गया जहां उनका ईलाज चल रहा है. घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से भागने में सफल रहा. फिलहाल पुलिस अपराधी की पहचान करने में जुटी है. पड़ोसियों के अनुसार उन्होंने चीखने की आवाज़ें सुनी तो भागते हुए घर पहुंचे. वहां देखा तो रानेंदु लहूलुहान अवस्था में पड़े थे. मामले को लेकर थाना प्रभारी तंजील खान ने बताया कि घर पर बुजुर्ग दंपति ही रहते है. उनका बेटा शहर से बाहर रहता है. प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बेटे द्वारा कई लोगों से कर्ज लिया गया है. इसी को लेकर आज घायल के बेटे का एक दोस्त पैसे लेने आया था. विवाद के बाद उसने धारदार हथियार से हमला कर दिया और फरार हो गया. फिलहाल हमलावर की पहचाना की जा रही है.





