
सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत मोतीनगर में बीती रात हुए दो गुटों के बीच हिंसक झड़प मामले में दोनों ही पक्ष के एक-एक सदस्य को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार युवकों में मोती नगर दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष संतोष सिंह जबकि दूसरे पक्ष से छोटू तिवारी शामिल हैं. इससे पूर्व आदित्यपुर थाना में हाई प्रोफाइल मैनेज का खेल घंटों चलता रहा.

मैनेज के इस खेल में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर विनोद कुमार श्रीवास्तव, क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह, पूर्व पार्षद धनंजय गुप्ता, पार्षद अजय सिंह, उद्यमी चंद्र भूषण सिंह, राजद नेता संजय सिंह, कांग्रेसी नेता राणा सिंह, सहित इलाके के कई हाईप्रोफाइल लोगों ने दोनों पक्षों को समझा कर मामले को रफा-दफा करने में जुटे रहे. इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों के अलावा धारा 144 के नियमों की घंटों धज्जियां उड़ती रही. हालांकि दोनों ही पक्ष मामले को लेकर समझौता करने में सहमत हो गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. गौरतलब है कि बीती रात आदित्यपुर थाना अंतर्गत मोती नगर में मामूली बात को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट हुई थी. जिसमें दोनों ही पक्षों ने एक दूसरे पर तलवार से हमला करने का आरोप लगाया है. दोनों ही पक्ष से आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं. जिसमें एक महिला भी शामिल है.














