
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित सतबोहनी निवासी कोकिल लोहार की पत्नी 35 वर्षीय महिला रुपा लोहार सोमवार से गायब थी. वह अंतिम बार आदित्यपुर थाना क्षेत्र के टिस्को सोसाइटी से काम करके निकली थी, उसके बाद से वह गायब थी. उसको बेहोशी की हालत में एमजीएम अस्पताल से बरामद किया गया. उसका हाथ पैर बांध दिया गया था और उसकी पिटाई कर दी गयी थी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गयी थी. उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. वह बताने की स्थिति नहीं है. उसकी हालत खराब है. उसके बेटे अर्जुन लोहार ने बताया कि उसकी मां सोमवार से गायब थी. वह टिस्को सोसाइटी में काम करती है. वहां काम करके घर से निकली थी कि उसके बाद से वह घर नहीं आयी थी. उसकी तलाश की जा रही थी. परिवारवालों को लगा कि रुपा जमशेदपुर के बिरसानगर चली गयी होगी, लेकिन वहां भी नहीं आयी थी. बुधवार को लोगों को यह जानकारी मिली की रुपा सोमवार की रात से ही एमजीएम अस्पताल में भर्ती है और बोलने की हालत में नहीं है. उसके गायब होने की सूचना आदित्यपुर पुलिस को भी दी गयी थी. दौड़े भागे परिवार के लोग वहां पहुंचे, जिसके बाद परिजनों ने उसकी पहचान की. रुपा के बेटे ने बताया कि उसकी मां का हाथ बांध दिया गया था. हाथ बांधे होने के जख्म भी है जबकि शरीर में भी काफी जख्म है. अस्पताल के कर्मचारियों ने बताया कि अस्पताल के पीपल पेड़ के पास ही किसी ने उसको घायल हालत में छोड़ दिया था और भाग गये थे. इसके बाद से वह अस्पताल में है. उसका इलाज एमजीएम अस्पताल के महिला वार्ड में चल रही है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.





