आदित्यपुर : सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना अंतर्गत भुरकाडीह गांव में एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. मामले की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक का नाम सुभाष महतो बताया जा रहा है, जो बोनडीह के आनंदपुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. परिजनों का आरोप है, कि मृतक बोरकाडीह गांव के सुखराम सरदार के घर शराब पीने आया था. दोपहर करीब 12 बजे सुखराम की भट्ठी से सटे पार्टी जमीन पर झाड़ियों में सुभाष महतो के मृत होने की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों का आरोप है कि इलाके में अवैध शराब का कारोबार व्यापक पैमाने पर हो रहा है. शराब माफियाओं का आतंक सर चढ़कर बोल रहा है. मृतक के शरीर में जलने के निशान पाए गए हैं. संभावना जताई जा रही है कि करंट की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हुई है. वैसे पूरा मामला जांच का है. पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है. थाना प्रभारी राजन कुमार ने बताया कि जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि वास्तव में बुजुर्ग के साथ क्या हुआ है. घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.





