
सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना अंतर्गत एच रोड मुस्लिम बस्ती में बीते गुरुवार की रात गोली चालन मामले में शुक्रवार देर रात पुलिस ने घटना से जुड़े दो अन्य अपराध कर्मी औरंगजेब और बाबला को गिरफ्तार कर लिया है. वैसे सरगना कादिम खान अभी भी फरार है. गोली चालन मामले में 10 अपराधियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है. वैसे इस मामले में एक अपराधकर्मी मोइनुद्दीन चिश्ती को आदित्यपुर पुलिस ने गुरुवार देर रात ही गिरफ्तार कर लिया है. अब तक इस मामले में कुल 3 लोगों की गिरफ्तारियां हो चुकी है. आपको बता दें बीते गुरुवार को वर्चस्व और बदले की लड़ाई को लेकर मुस्लिम बस्ती में हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें रमजान उर्फ चौधरी जो ड्रग पेडलर डॉली परवीन का भाई है, को डॉली के पति कुख्यात अपराधकर्मी कादिम खान के इशारे पर गोली मारकर घायल कर दिया गया था. इस मामले में कादिम खान, औरंगजेब, सद्दाम, अजहर, मोइनुद्दीन और बाबला सहित अन्य चार अपराधियों पर बस्ती के ही मेहंदी हसन की पत्नी अजमेरी बीवी के बयान पर मामला दर्ज किया गया है. इनमें से औरंगजेब, मोइनुद्दीन और बाबला पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं. सूत्र बताते हैं कि औरंगजेब और बाबला की गिरफ्तारी मुस्लिम बस्ती के समीप से होकर गुजरने वाले रेलवे ट्रैक के बगल से हुई है. हालांकि आदित्यपुर पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है.
चर्चा में है मोइनुद्दीन का ये अंदाज
मामले से जुड़ा अपराधकर्मी मोइनुद्दीन चिश्ती का एक फोटो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें अपने एक साथी एमडी अख्तर के साथ वह खतरनाक हथियार की नुमाइश कर रहा है, वैसे पुलिस ने मोइनुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन बड़ा सवाल ये है, कि आखिर उसके और उसके साथी एमडी अख्तर के हाथ में जो हथियार जो लहरा रहा है, वह आया कहां से ? सूत्र बताते हैं कि आदित्यपुर पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, लेकिन ये भी जांच का विषय है, कि आखिर इसके हाथ में यह हथियार कैसे आया, और कहां से आया ? किसका है, और कहां गया ? हालांकि हम इसकी पुष्टि नहीं करते हैं, लेकिन इसकी जांच जरूरी है.








