आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया अंचल कार्यालय में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब आजसू नेता महेश्वर महतो ने अचानक कार्यालय कर्मी राकेश कुमार के साथ गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी. घटना के बाद पूरे कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही सीओ सह बीडीओ प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे नेता को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित कराया. (नीचे भी पढ़ें)

आजसू नेता महेश्वर महतो ने आरोप लगाया कि अंचल कार्यालय में किसी भी कार्य के लिए आने पर कर्मियों द्वारा जान बूझकर परेशान किया जाता है और पैसों की मांग की जाती है. उन्होंने बताया कि वे कई दिनों से आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कार्यालय के चक्कर काट रहे थे, लेकिन हर बार टालमटोल किया जा रहा था. सोमवार को जब वे फिर से अपने कार्य के लिए पहुंचे तो कर्मचारी राकेश कुमार ने “बाद में आना” कह कर टाल दिया, जिससे वे आक्रोशित हो उठे. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, कर्मचारी संजय कुमार ने आरोपों को बेबुनियाद बताया. उनका कहना है कि महेश्वर महतो ने दो दिन पहले ही आवेदन जमा किया था और सोमवार को बिना किसी कारण के कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज करने लगे. उन्होंने बताया कि इस घटना की शिकायत वरीय अधिकारियों से की जाएगी. घटना के बाद अंचल कर्मियों में दहशत का माहौल है.




