जमशेदपुर / सरायकेला: जमशेदपुर और सरायकेला में लगातार हो रही चापड़बाजी की घटनाओं के बीच अपराधियों का दुस्साहस थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला आरआईटी थाना क्षेत्र के रोड नंबर-4 का है, जहां देर रात कुछ असामाजिक तत्वों ने एक दुकान पर हमला कर उसे पूरी तरह तहस-नहस कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने दुकान को तोड़ने के बाद उसका सामान सड़क पर फेंक दिया, जिससे ऐसा लगे कि यह चोरी की घटना है और आवागमन भी बाधित हो जाए.
हालांकि पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. स्थानीय लोगों का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाला युवक पहले भी लूट, चोरी और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल रहा है. हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर घटना हुई, वहां चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद आरोपी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देता रहा. स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि फुटेज में आरोपी की पहचान स्पष्ट होने के बावजूद आरआईटी थाना पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है और केवल औपचारिकता निभाई जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
इससे इलाके के दो दर्जन से अधिक दुकानदारों में भय का माहौल है. उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं. गौरतलब है कि हाल के दिनों में चापड़बाजी की बढ़ती घटनाओं को लेकर सरायकेला और जमशेदपुर की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठे थे. हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.







