सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी ओपी क्षेत्र में सेफ्टी टैंक से बरामद महिला के शव मामले का पुलिस ने दो दिनों के भीतर खुलासा करते हुए मृतका के पति सोमराय हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में पत्नी की हत्या कर शव को सेफ्टी टैंक में छिपाने की बात स्वीकार की है. गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी ने बताया कि मंगलवार को सेफ्टी टैंक से बरामद शव की पहचान सोमवारी हेंब्रम के रूप में हुई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
एसआईटी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य प्रमाणों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. जांच के दौरान संदेह मृतका के पति सोमराय हेंब्रम पर गया. हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने कथित रूप से हत्या की बात स्वीकार कर ली. पुलिस के अनुसार, आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पहले बिजली के तार से पत्नी का गला घोंटा और फिर लोहे की रॉड से सिर पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर के बगल में निर्माणाधीन मकान के पास बने सेफ्टी टैंक में फेंक दिया, ताकि साक्ष्य छिपाए जा सकें. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य प्रमाणों के आधार पर पुलिस ने दो दिनों के भीतर मामले का सफल खुलासा कर दिया. एसपी मनोज स्वार्गियारी ने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस टीम के समन्वित प्रयास से इस जघन्य हत्या का शीघ्र उद्भेदन संभव हुआ. पुलिस ने आरोपी सोमराय हेंब्रम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.







