
आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित वरुण बेवरेज पेप्सी कंपनी द्वारा काम से हटाए गए दस ठेका मजदूरों के मामले पर राज्य के मंत्री और स्थानीय विधायक चम्पई ने कड़ी आपत्ति जताई है. इधर मंत्री के फरमान पर झामुमो नेताओं ने हटाए गए मजदूरों को पुनः काम पर लिए जाने की मांग को लेकर कंपनी गेट जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया. उधर जाम के दौरान कम्पनी परिसर में किसी के भी प्रवेश को पूरी तरह रोक दिया गया. झामुमो नेता और खुद को मंत्री का करीबी बतानेवाले संजय बेहरा ने कंपनी प्रबंधन पर मजदूरों का शोषण किए जाने का आरोप लगाया.
उन्होंने बताया कि यहां काम करने वाले ठेका मजदूरों को नाम तो न्यूनतम मजदूरी दी जा रही है ना ही उनका पीएफ और इएसआईसी का सुविधा उपलब्ध कराया जा रहा है. वर्षों से काम करने वाले मजदूरों को नियमित करने के बजाय बाहरी लोगों को यहां लाकर काम कराया जा रहा है. उन्होंने बताया, कि मंत्री जी के निर्देश के बाद कंपनी गेट जाम किया गया है. अगर प्रबंधन और जिला प्रशासन इस मामले पर गंभीर नहीं होती है, तो आने वाले दिनों में प्रबंधन के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा.















