
आदित्यपुर: सरायकेला जिले के अदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र का बुरा हाल है. सीवरेज- ड्रेनेज सिस्टम को लेकर खोदे गए गड्ढे जानलेवा हो गए हैं. बरसात ने तो नगर निगम के विकास के दावों की पूरी पोल खोलकर रख दिया है. पूरा निगम क्षेत्र नर्क में तब्दील हो गया है. निगम प्रशासन लाख दावा कर ले, लेकिन सच्चाई यही है, कि निगम क्षेत्र में जनजीवन बेहाल हैं. सोमवार को नगर निगम क्षेत्र में 12 हजार लीटर पानी आपूर्ति के लिए निकला टैंकर आरआईटी थाना क्षेत्र के मार्ग संख्या 7 के मुख्य सड़क पर फंस गया. नतीजा पूरा का पूरा पानी सड़कों पर बहाकर टैंकर को निकाला जा सका. आपको बता दें कि शापूरजी पालन जी द्वारा सीवरेज- ड्रेनेज के लिए खोदकर सड़क के नीचे पाइप बिछाया गया मगर सड़क निर्माण ना कर मिट्टी भर दिया गया. जिस कारण सोमवार को यह हादसा हुआ. जिसे बाद में जेसीबी के सहारे टैंकर को निकाला गया. इस गर्मी में जहां लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं शापूरजी पालन जी की लापरवाही के कारण 12000 लीटर पानी सड़कों पर बहाना पड़ा. वैसे अदित्यपुर नगर के माननीय क्या इसकी जवाबदेही तय करेंगे ?




