
आदित्यपुर : उद्यमी संगठन एसिया चुनाव के एकमात्र अध्यक्ष पद के लिए मतदान की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. शाम चार बजे तक चलनेवाले मतदान में संगठन से जुड़े 549 उद्यमी दो प्रत्याशियों में से एक के भाग्य का फैसला करेंगे. शाम चार बजे के बाद मतों की गिनती शुरू होगी और देर रात तक परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे. गौरतलब है, कि एकमात्र अध्यक्ष पद के लिए होने वाले इस चुनावी समर में लंबे समय बाद गैर मारवाड़ी प्रत्याशी ने ताल ठोकी है. वैसे पिछले छः साल से एसिया अध्यक्ष पद पर इंदर अग्रवाल सहित पूरी कमेटी बिना किसी विरोध के रहे हैं. यहां तक कि उनके लिए एसिया के संविधान में संशोधन भी किया गया. मगर इस बार वे मैदान में नहीं हैं. मगर मारवाड़ी समाज से ही उद्यमी संतोष खेतान की दावेदारी को इस बार गैर मारवाड़ी उद्यमी राजीव रंजन मुन्ना ने चुनौती देकर मुकाबला रोचक बना दिया है. दोनों ही मंजे हुए उद्यमी हैं और किसी न किसी पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित रहे हैं. हालांकि इस बार मुकाबला रोचक हो रहा है. जहां 12:30 बजे से ही मतदाता उद्यमी कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मतदान करने ऑटो क्लस्टर पहुंचे. सबसे पहला मतदान ट्रस्टी एसएन ठाकुर ने किया. जबकि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के लगभग सभी उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस चुनाव में हिस्सा लिया. इस दौरान सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष सुरेश सोंथालिया, वरिष्ठ उद्यमी एके श्रीवास्तव, आरके सिन्हा, लघु उद्योग भारती के पूर्व अध्यक्ष रुपेश कतरियार भी मतदान करते नजर आए. विदित रहे कि राजीव रंजन मुन्ना वरिष्ठ उद्यमी एके श्रीवास्तव के पुत्र हैं.




