
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना पुलिस को अवैध नशे के खिलाफ अभियान में एक बार फिर से बड़ी सफलता हाथ लगी है. जहां गुप्त सूचना के आधार पर कार्यवाई करते हुए आदित्यपुर थाना से सटे सीता बस्ती से पुलिस ने 90 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. बताया जाता है, कि जप्त ब्राउन शुगर का बाजार मूल्य लगभग 50 से 60 हजार रुपए के आसपास है. वैसे सरायकेला-खरसावां पुलिस के तमाम प्रयासों के बाद भी आदित्यपुर इलाके से ब्राउन शुगर का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है. लगातार पुलिसिया दबाव के बाद तस्कर ठिकाना बदल-बदल कर ब्राउन शुगर के कारोबार को संचालित कर रहे हैं. वैसे हैरान करने वाली बात ये है कि थाना से 200 मीटर की दूरी पर खुलेआम नशे का काला खेल संचालित हो रहा है, जो चिंता का विषय है.



