आदित्यपुर : सारायकेला जिले में सरकारी शराब के ठेके बेलगाम हो चुके हैं. शराब ठेकों के सरकार के नियंत्रण में जाने के बाद इनकी मनमानी पहले से अधिक बढ़ गई है. इनमें न तो विभागीय अधिकारियों का खौफ नजर आता है न ही पुलिस-प्रशासन का. इसी से सरकारी शराब के ठेकों पर आज हर वह गलत काम हो रहा है जो कानूनन प्रतिबंधित है. चाहे मिलावटी शराब की बिक्री की बात हो या निर्धारित से अधिक दर पर शराब बिक्री का, धड़ल्ले से चल रहा है. यही नहीं, विरोध करने पर यहां तक धमकी दी जाती है कि जो करना है कर लो, जो मांग रहे हैं उतना देना ही होगा.(नीचे भी पढ़ें)
बेइज्जती से बचने और दस-पांच रुपये के लिए शराब के शौकीन उनके मुंह लगने के बजाय तय से अधिक कीमत चुका कर शराब खरीद लेते हैं या जमशेदपुर की ओर चले जाते हैं, क्योंकि जिले की लगभग सभी शराब दुकानों की कमोबेश यही हालत है. विभागीय अधिकारियों की बात करें तो उनका ध्यान अवैध शराब भट्ठियों पर रहता है. सरकारी शराब की दुकानों में क्या हो रहा है, इससे उन्हें कोई लेना देना नहीं, क्योंकि यहां का पैसा ऊपर तक जाता है ऐसा माना जाता है. एक ग्राहक ने आदित्यपुर सिटी पैलेस के बगल में स्थित एक सरकारी शराब दुकान का वीडियो साझा किया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि बियर के एवज में दुकानदार ग्राहक से खुलेआम प्रिंट रेट से ज्यादा पैसों की वसूली कर रहा है. वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि किस तरह शराब दुकान का कर्मचारी ग्राहक को खुलेआम कह रहा है कि वीडियो बनाने से क्या होगा जो करना है कर लीजिए. अब सवाल है कि आखिर इनमें इतनी हिम्मत आई कहां से, और कौन है इनका आका? वैसे तस्वीर में जो युवक नजर आ रहा है उस पर पूर्व से भी कई आरोप लगते रहे हैं. पिछले दिनों आदित्यपुर पुलिस द्वारा नकली विदेशी शराब फैक्ट्री के हुए खुलासे में उक्त युवक का भी नाम सामने आया था.














