
बहरागोड़ा : प्रखंड के पूर्वांचल स्थित बहुलिया गांव में पिछले दिनों सरस्वती पूजा के विसर्जन जुलूस के दौरान हुई आतिशबाजी के कारण पटाखे की चिंगारी से गांव के गुरूचरण संडो, आदित्य संडो, नारायण संडो, बिमल संडो और बंकिम संडो का फूस का घर समेत उसमें रखा सारा समान जल कर राख हो गया था. बुधवार को सांसद विद्युत वरण महतो ने अग्नि प्रभावित परिवारों को सहयोग के लिए सामग्रियां उपलब्ध करायी. सांसद द्वारा भेजी गयी सामग्रियों को सांसद के पीए यशवंत महतो, चुनू माहली, जिप सदस्य जगन्नाथ महतो, पार्थो महतो, दुर्गा मन्ना, मुखिया निर्मल मुर्मू, मिहिर दत्ता, रवि दास, राजेन्द्र मुंडा व राघव घोष ने गांव में पहुंचकर अग्नि प्रभावित प्रत्येक परिवार को 2 कंबल, 2 तिरपाल, 2 साड़ी, 2 लूंगी, 2 गमछा और 50-50 किलो चावल का वितरण किया. इस दौरान चुनू माहली ने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि सांसद कुछ दिनों बाद खुद गांव आयेंगे. पार्टी स्तर पर विभागीय पदाधिकारी से बात कर सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा. पीड़ित परिवारों को पीएम आवास मिले इसके लिए बीडीओ से मिलकर पहल की जायेगी.







