
संतोष वर्मा
चाईबासा : राज्य के आदिवासी / अनुसूचित जाति / जनजाति समुदाय के पदाधिकारियों व कर्मी जो आरक्षण के लाभ से वंचित हैं, उनके लिए झारखण्ड सरकार ने अहम फैसला लिया है। इतना ही नहीं सभी विभागों में अनुसूचित जाति, जनजाति के आरक्षण के विरुद्ध दी गई प्रोन्नति की जांच एवं प्रतिवेदन के लिए विशेष कमेटी का गठन किया गया है। ताकि राज्य के आदिवासी/अनुसूचित जाति/जनजाति के सरकारी पदाधिकारियों व कर्मियों को आरक्षण रोस्टर के अनुरूप प्रोन्नति का लाभ विधानसभा की इस कमेटी द्वारा दिलाया जा सके।
संयोजक सह सभा सचिव- विधायक दीपक बिरुवा, सदस्य में विधायक सरफराज अहमद, विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा शामिल हैं। इसके अलावा विधायक बंधु तिर्की विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे। इस विशेष कमेटी के संयोजक सह झारखण्ड विधानसभा प्राक्कलन समिति के सभापति दीपक बिरुवा ने कहा कि अनुसूचित जाति/जनजाति, जिन्हें आरक्षण के अनुरूप प्रोन्नति का लाभ नहीं मिला है। ऐसे मामलों की समीक्षा कर वैसे पदाधिकारी/कर्मियों को आरक्षण का लाभ प्रदान कराया जाएगा। श्री बिरुवा ने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति के पदाधिकारी/कर्मी जिन्हें प्रोन्नति में आरक्षण रोस्टर का लाभ नहीं मिला है, वे कमेटी के समक्ष आवेदन करेंगे।







