
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला में ठंड का प्रकोप शुरू हो गया है. जिले के आरआईटी थाना अंतर्गत गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप स्थित कंसारी टोला में ठंड से तीन लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में सोनू कंसारी, मोहन लाल कंसारी और गोकुल कन्सारी शामिल हैं. बताया जाता है कि दो दिन पूर्व सोनू कंसारी की ठंड से तबियत खराब हो जाने के बाद एमजीएम में भर्ती कराया गया था जिसका इलाज के दौरान आज मौत हो गई. जबकि मोहन लाल कंसारी शुक्रवार को सुबह करीब चार बजे शौच के लिए निकला था, उसके बाद काफी ठंड लगने के कारण फिर वह सो गया, परिजनों द्वारा 6 बजे जब उसे उठाया गया तो वह मृत पाया. इसी प्रकार गोकुल कंसारी को बीते गुरुवार की शाम जोर से अचानक ठंड लगने लगी थी जिसके बाद वह अपने कमरे में सो गया जहां रात करीब 9 बजे वह मृत पाया गया. तीनो मृतक एक ही टोला में आसपास के घरों में ही रहते थे. उधर इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है. वहीं राज्य में ठंड से मौत का यह पहला मामला सामने आया है. इधर जिला प्रशासन की ओर से कड़ाके की ठंड के बावजूद अलाव की व्यवस्था नहीं शुरू की गई है.






