जमशेदपुर : केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा शुक्रवार को जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल पहुंचे. यहां पर वे सीधे अभय सिंह से मिलने के लिये जेल में गये और मुलाकात भी की. केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा घाघीडीह जेल जाकर पिछले दिनों जमशेदपुर में हुई घटना में गिरफ्तार भाजपा नेता अभय सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुधांशु ओझा,विहिप नेता जनार्दन पांडे,अधिवक्ता चंदन चौबे, विहिप कार्यकर्ता समेत सामाजिक कार्यकर्ताओं से मिलकर उनका हौंसला बढ़ाया. (नीचे भी पढ़ें)
इस दौरान उनके बेहद करीबी नेता ही साथ में थे, लेकिन भीतर जाने की किसी को अनुमति नहीं थी. अर्जुन मुंडा के सेंट्रल जेल में जाकर अभय सिंह से मिलने का मामला पूरी तरह से चर्चा में है. शहर के लोगों के समझ में नहीं आ रहा है कि अब ऊंट किस करवट बैठेगा,अर्जुन मुंडा सेंट्रल जेल में करीब 20 मिनट तक रहे और अभय सिंह से घटना की जुबानी सुनी. इस बीच अभय सिंह ने पूरी कहानी बतायी और कहा कि कदमा की घटना के दिन वे उस तरफ नहीं गये थे. (नीचे भी पढ़ें)

उन्हें तो सोची-समझी साजिश के तहत फंसाने का काम किया गया है. इस बीच अर्जुन मुंडा ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जायेगी. अर्जुन मुंडा के साथ जेल के भीतर भाजपा नेता आदित्यपुर के शैलेंद्र सिंह और जिला परिषद पूर्वी सिंहभूम की चेयरमैन बारी मुर्मू और प्रदेश मीडिया प्रभारी कृष्णा शर्मा (काली) भी मौजूद थी. केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने इस दौरान मीडिया से बात की. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने झारखंड सरकार की आलोचना की और कहा कि झारखंड सरकार दमन की कार्रवाई कर रही है. इस तरह की सारी कार्रवाई को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भाजपा इसका करारा जवाब देगी. उन्होंने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार को तुष्टीकरण की राजनीति करने का भी आरोप लगाया. इस दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के साथ भाजपा नेता बिनोद सिंह, शैलेंद्र सिंह, कृष्णा शर्मा, संदीप शर्मा बॉबी समेत अन्य लोग मौजूद थे.



