संतोष वर्मा
Chaibasa : जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जैंतगढ़ से हाटगम्हरिया होते हुई चाईबासा जाने वाली मुख्य मार्ग पर बिंदसाई गांव के समीप एक ट्रेलर की चपेट में आ जाने से लांडुसाई गांव के 35 वर्षाय निवासी मोची राम चाकी कि मौत हो गई. इस मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों नें शव के साथ करीब ढाई घंटा तक सड़क जाम रखी. जगन्नाथपुर पुलिस घटना के करीब ढाई घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची. जानकारी के अनुसार लांडुसाई निवासी मोची राम चाकी अपने बड़े भाई जुडिया चाकी के श्राद्वकर्म में शामिल होने के लिए बिंदसाई गांव आया था. शनिवार को अहले सुबह मृतक मोची राम चाकी बिंदसाई घर से शौच के लिए सड़क की दूसरी छोर से जा रहा था. उसी समय एक दस चक्का ट्रेलर ओवर टेक करके आगे जाने के चक्कर में मृतक मोची राम चाकी को बुरी तरह कुचलते हुए भाग निकला. इस कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. इधर घटना की खबर जब ग्रामीणों को मिली तो मृतक के परिजनों और ग्रामाणों नें मुआवजा तथा घटनास्थल पर पुलिस के नहीं पहुंचने के विरोध में करीब ढाई घंटे तक जैंतगढ-हाटगम्हरिया मुख्यमार्ग को जाम रखा. इस कारण उक्त मार्ग से वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप रहा. करीब ढाई घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जा में लेकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. तब सड़क जाम हटाया गया. पुलिस ने शव को अंत्यपरीक्षण के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है. ज्ञात हो की उक्त मार्ग में आये दिन पैदल चलने वाले लोग या वाहन चालक सड़क हादसे का शिकार होते रहते हैं.





