
Chaibasa : आगामी पांच जनवरी को आदिवासी हो समाज युवा महासभा की ओर से तांबो फॉरेस्ट ट्रेनिंग स्कूल के सामने सामाजिक मिलन समारोह ‘उपरूम जुमूर’ का आयोजन किया गया है. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये महासभा के पदाधिकारियों की एक बैठक महासभा परिसर में आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ बबलू सुन्डी की अध्यक्षता में हुई. इसमें कार्यक्रम की रूप-रेखा, समय-सारणी, कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई एवं सभी वर्गों की सहभागिता पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई. कार्यक्रम में झारखण्ड के अलावा ओड़िशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ व अन्य राज्यों से समाज के लोगों को आमंत्रण देने पर सहमति बनी. कार्यक्रम में आपसी संवाद के माध्यम से भाषा, संस्कृति, रीति-रिवाज एवं परंपराओं को संरक्षण और अक्षुण्ण बनाये रखने के प्रमुख उद्धेश्यों को समाज के लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया जायेगा. कार्यक्रम स्थल में ‘हो’ जनजाति से संबंधित स्टॉल भी लगाया जायेगा. इच्छुक लोग स्टॉल के लिये कमेटी में एक हजार रुपये शुल्क जमा करके बुक करवा सकते हैं. समाज के सभी वर्ग के लोगों को आमंत्रित किया जायेगा. इसके लिये बेहतर प्रचार-प्रसार किया जायेगा. कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिये विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये जायेंगे. तैयारी उप समितियों के प्रभारों को अनुमंडल व प्रखण्डवार कार्य में तीव्रता लाने के लिये सख्त निर्देश दिया गया. बताया गयाय कि कार्यक्रम स्थल पर विधि-व्यवस्था, यातायात, मेडिकल एम्बुलेंस, सुरक्षा व आपातकालीन सेवा की उपलब्धता रहेगी. बैठक में केन्द्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बीरसिंह बिरुली, संगठन सचिव सुनील सामड, कोषाध्यक्ष महर्षि महेन्द्र सिंकू, अंजू सामड, जिलाध्यक्ष गब्बर सिंह हेम्ब्रम, पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सुरा बिरुली, गोबिन्द बिरुवा, रामचंद्र सामड, शेर सिंह बिरुवा, शंकर सिदु, विकास बारदा, अखबर हांसदा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.







