रामगोपाल जेना/चाईबासा : झारखंड पुनरुत्थान अभियान के संयोजक सन्नी सिंकू ने भाजपा नेता द्वारा मध्य प्रदेश के एक निरीह आदिवासी के मुंह पर पेशाब किये जाने की घृणित हरकत को लेकर भाजपा एव प्रदेश भाजपा के नव नियुक्त अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी पर हमलावर रूप में दिखे. सन्नी ने कहा कि भाजपा नेता ने साबित कर दिया कि भाजपा में आदिवासियों की क्या हैसियत है. सन्नी ने झारखंड भाजपा के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी से कहा है कि वे देश के आदिवासियों को बताएं कि भाजपा के नेता आदिवासियों के मुंह पर क्यों पेशाब करते है? सन्नी ने कहा कि भाजपा बहुत संस्कारी राजनीतिक पार्टी है, जहां सभी की गरिमा का ख्याल रखा जाता है. वहां अमर्यादित आचरण सहन नहीं किया जाता, भेदभाव या किसी की प्रताड़ना भाजपा की डिक्शनरी में नहीं है. क्या यह भाजपा का सिर्फ दिखावे का सैद्धांतिक नारा मात्र है? व्यावहारिकता में भाजपा का आचरण, चरित्र और चेहरा निरीह आदिवासियों के मुंह पर पेशाब करने वाला ही है?(नीचे भी पढ़ें)
सन्नी ने कहा कि देश के आदिवासियों ने सबसे अधिक सांसद भाजपा को दिए हैं, लेकिन उन्होंने यही दिन देखने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान किया है? सन्नी ने देश के आदिवासियों से अपील की वे मध्यप्रदेश के भाजपा नेता के वायरल विडियो क्लिप को जरूर देखें, जिसके मुंह में सिगरेट है और पेशाब एक निरीह आदिवासी युवक के मुंह पर कर रहा है, और वह विडियो क्लिप वे सभी आदिवासी भाजपा सांसदों और मंत्रियों के व्हाट्सअप पर भेजें. अगर इसके बाद भी उन सांसद, मंत्रियों और नेताओं का खून न खौले तो समझ लेना वे आदिवासियों के नेता कतई नहीं हो सकते.



