संतोष वर्मा
चाईबासा : शनिवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित परिसदन आगमन पर झारखंड राज्य के संसदीय कार्य एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री आलमगीर आलम के अध्यक्षता में ग्रामीण कार्य विभाग एवं ग्रामीण विकास विभाग विशेष प्रमंडल पंचायती राज तथा आपूर्ति विभाग के पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। परिसदन स्थित सभागार में आयोजित इस बैठक में जिला उपायुक्त अरवा राजकमल, उप विकास आयुक्त आदित्य रंजन, डीआरडीए निदेशक प्रभात कुमार बर्दियार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी जयदीप तिग्गा, पंचायती राज पदाधिकारी विपिन कुमार सिंह सहित सभी कार्यकारी एजेंसियों के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता उपस्थित थे।
बैठक में मंत्री श्री आलम के द्वारा ग्रामीण विकास विभाग एवं कार्यकारी एजेंसियों यथा विशेष प्रमंडल, रोड डिवीजन, एनआरईपी सहित आपूर्ति विभाग से जुड़े प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षा की गई एवं उनके द्वारा निर्देश दिया गया कि सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में बसे गांव को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाली प्रमुख सड़क योजनाओं को प्राथमिक तौर पर चयन करते हुए यथाशीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए।उनके द्वारा कहा गया कि धान अधिप्राप्ति के दौरान किसानों के द्वारा लैंप्स में धान देने के समय ज्यादा कटौती नहीं करते हुए किसानों को उनकी फसल का निर्धारित उचित कीमत देना सुनिश्चित किया जाए।






