
चाईबासा : हरिगुटू आदिवासी क्लब भवन में मांगे सनागोम 2020 का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक दीपक बिरुवा, विशिष्ट अतिथि हो समाज महासभा के उपाध्यक्ष नरेश देवगम, शिव कुमार सुंबरुई व हो साहित्यकार डोबरो बुड़ीउली ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत कृष्ण देवगम ने किया। कार्यक्रम का आयोजन हो शिक्षक-शिक्षिका समूह द्वारा किया गया। शिक्षकों को ग्रेड 4 मिलने पर अहम भूमिका निभाने वाले विधायक दीपक बिरुवा के प्रति सभी शिक्षकों ने आभार जताया।
महासभा के उपाध्यक्ष नरेश देवगम ने कहा कि समाज को व्यवस्थित करने में शिक्षकों की अहम भूमिका है। मागे पर्व सृष्टि का पर्व है, जिसे देशावली कहा जाता है। विधायक दीपक बिरुवा ने कहा शिक्षकों द्वारा यह आयोजन किया जाना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि मागे पर्व का जो अवकाश दिया जाता था, उसे बरकरार रखने का आग्रह राज्य सरकार से किया जाएगा। डोबरो बुड़ीउली ने कहा कि मागे पर्व हो समाज का बहुत ही पवित्र पर्व है। इसकी काफी अहमियत है। इस अवसर पर विभिन्न विषय मुद्दों पर विचार गोष्ठी हुई, वहीं शिक्षकों ने गीत-संगीत भी प्रस्तुत किये।







