
रामगोपाल जेना
चक्रधरपुर : चक्रधरपुर, चाईबासा एवं आसपास के क्षेत्रों में जर्दा युक्त पान मसाला, गुटखा एवं रजनीगंधा, तुलसी की पुड़िया आदि चोरी-छिपे बिक रही है. विशेषकर जेल रोड स्थित एक आवास, टुंगरी स्थित एक आवास एवं राजाबाड़ी गली के समीप एक ग्रॉसरी शॉप के थोक विक्रेताओं द्वारा प्रशासनिक आदेश को दरकिनार कर ऊंचे दामों पर गुटखा, जर्दायुक्त पान मसला, तंबाकू आदि की बिक्री की जा रही है. ऐसे थोक विक्रेता ऊंची कीमतों पर रिटेलर व अन्य दुकानों को गुटखा, पान मसाला अभी बकायदा स्कूटी एवं बाइक से पहुंचाकर उपलब्ध करा रहे हैं. चक्रधरपुर बाटा रोड समेत विभिन्न इलाके में भी अवैध तरीके से यह कारोबार जारी है. उल्लेखनीय है वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार ने पान, गुटखा, तंबाकू, सिगरेट आदि की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है. राज्य सरकार के द्वारा इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है. इसके साथ ही पान वगैरह खा कर सड़कों या सार्वजनिक स्थानों पर थूकने पर दंड का प्रावधान किया है. बावजूद उक्त कारोबारी राज्य सरकार के आदेशों की अनदेखी करते हुए पान, गुटखा, तंबाकू, सिगरेट आदि की धडल्ले से बिक्री कर रहे हैं, लेकिन पुलिस-प्रशासन का इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है.







